जालंधर , मई 10 -- आम आदमी पार्टी ने रविवार को जालंधर में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई जिला प्रधान अमृतपाल सिंह ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शन में पंजाब सरकार के मंत्री मोहिंदर भगत, लोकसभा इंचार्ज जालंधर रमणीक सिंह रंधावा, मेयर वनीत धीर, विधायक बलकार सिंह , विधायक इंद्रजीत कौर मान, नितिन कोहली समेत कई नेता मौजूद रहे।
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने "मोदी सरकार मुर्दाबाद" और "ईडी-भाजपा गठजोड़ मुर्दाबाद" के नारे लगाए तथा भाजपा सरकार का पुतला फूंका।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई विपक्षी दल भाजपा की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसके पीछे ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियां लगा दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी न किसी दबाव में आएगी और न जनता की आवाज दबने देगी। भगत ने कहा कि पंजाब की धरती हमेशा तानाशाही के खिलाफ खड़ी रही है और आगे भी केंद्र की धक्केशाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
जिला प्रधान अमृतपाल सिंह ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आम आदमी पार्टी की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित