जालंधर , नवम्बर 17 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को जालंधर स्थित भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ सहित पंजाब भाजपा नेतृत्व ने भाग लिया। बैठक में वंदे मातरम् अभियान, रन फॉर यूनिटी, आत्मनिर्भर भारत अभियान और आगामी जिला परिषद चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब भाजपा अनुशासन, संगठन और सेवा भावना के आधार पर जनता तक पहुँचेगी और सभी अभियानों को मिलकर सफल बनाएगी। बैठक में विभागों, प्रकोष्ठों और मोर्चों के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि ये अभियान केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्रीय चेतना को सशक्त करने वाले जनआंदोलन हैं, और पंजाब भाजपा को इन्हें घर-घर तक पहुँचाने की जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और मज़बूत करने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा को एकजुट होकर गांव से लेकर शहर तक मजबूत उपस्थिति दर्ज करानी होगी। बैठक में प्रत्येक अभियान की प्रगति रिपोर्ट ली गई और जमीनी स्तर पर इसकी गति बढ़ाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के तीन साल पूरे होते ही यह साफ हो गया है कि "ईमानदारी" और "बदलाव" का नारा सिर्फ़ एक छलावा था। चुघ ने कहा कि इन तीन वर्षों में आर्थिक कुप्रबंधन, अव्यवस्था और वादाख़िलाफी ने पंजाब को ऐसी खाई में धकेल दिया है, जहाँ बेरोज़गारी 18.8 प्रतिशत तक पहुँच गई है और राज्य की वित्तीय सेहत पूरी तरह चरमरा चुकी है।
चुघ ने कहा कि बिजली विभाग भी इस सरकार की गलत नीतियों का सबसे बड़ा शिकार बना हुआ है। सरकार के अपने विभागों द्वारा 2500 करोड़ रुपए के बिल बकाया छोड़ दिए गए, जबकि बिजली सब्सिडी में घोषित 20,400 करोड़ रुपये में से लगभग 9,000 करोड़ रुपये अभी तक जारी नहीं किए गए। मजबूरी में पी एस पी सी एल को कर्मचारियों की वेतन और पेंशन तक देने के लिए कर्ज़ उठाना पड़ा और जनवरी 2024 में अतिरिक्त 800 करोड़ रुपये का लोन लेकर डिफ़ॉल्ट टाला गया।
चुघ ने कहा कि "ईमानदारी" का दावा करने वाली इस सरकार के मंत्री, विधायक और अधिकारी लगातार भ्रष्टाचार में रंगे हाथ पकड़े जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला का कमीशन कांड, विधायकों के महिला-उत्पीड़न के आरोप, रिश्वत लेते पकड़े गए विधायक अमनदीप अरोड़ा और डी आई जी हरचरण सिंह के घर से बरामद करोड़ों रुपये और सोना-इन सबने साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार इस सरकार की नई पहचान बन चुका है।उन्होंने कहा कि खनन और ट्रांसपोर्ट माफिया के सामने सरकार ने पूरी तरह आत्मसमर्पण कर दिया है। अवैध खनन ने नदियों का रुख बदल दिया, पुल कमजोर हो रहे हैं और गांव कट रहे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी है। ट्रांसपोर्ट माफिया की खुलेआम दादागिरी जारी है और प्रशासन कहीं दिखाई नहीं देता।
चुघ ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे ज़्यादा चिंताजनक है। पंजाब में 19 ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। गैंगस्टर और आतंकी गिरोह फिर से सक्रिय हैं और पंजाब पुलिस के ठिकानों पर आर पी जी हमले तक हुए। व्यापारियों से लेकर आम परिवारों तक-हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है। पंजाब आज खुद को सुरक्षित नहीं मानता।
चुघ ने कहा कि किसानों को एम एस पी में देरी, पोर्टल की गड़बड़ियों और फसल सड़ने तक की नौबत झेलनी पड़ी। महिलाओं को दिए गए 1000 रुपए महीने के वादे पर कोई प्रगति नहीं हुई। युवाओं को न नौकरी मिली न अवसर-सिर्फ़ विज्ञापन और प्रचार। व्यापारियों को असुरक्षा और माफियाओं से जूझना पड़ रहा है, जबकि नशे के कारण ओवरडोज़ मौतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित