जालंधर , मई 05 -- सीमा सुरक्षा बल पंजाब फ्रंटियर जालंधर मुख्यालय के नजदीक मंगलवार को एक एक्टिवा स्कूटर में धमाका होने से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह धमाका एक एक्टिवा स्कूटर में हुआ, जिसे कथित तौर पर फ्लिपकार्ट के डिलीवरी कर्मी से जुड़ा बताया जा रहा है। संबंधित व्यक्ति आज रात करीब 8:15 बजे स्कूटर खड़ा कर पार्सल देने के लिए बीएसएफ मुख्यालय परिसर में गया था। कुछ ही देर बाद खड़े वाहन से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

सूत्रों के अनुसार स्कूटर में रखी किसी विस्फोटक सामग्री में धमाका हुआ हो सकता है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक विस्फोट के सटीक कारण की पुष्टि नहीं की है। घटना के समय बीएसएफ मुख्यालय से गुरुनानकपुरा जाने वाली सड़क के पास सब्जी मंडी क्षेत्र में कई लोग मौजूद थे। अचानक हुए तेज धमाके से खरीदारी कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि हुआ क्या है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं और इलाके को घेर लिया गया। सुरक्षा एजेंसियों के साथ बीएसएफ के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके के असली कारण का पता चल सकेगा।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूटर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हैं।

जालंधर पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा कि स्कूटर में आग लगने के बाद ही विस्फोट हुआ है। अभी यही जानकारी मिली है। स्कूटी पर दो लड़के आए थे दोनों लड़कों को पुलिस और सुरक्षा बलों ने हिरासत में रखा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित