जालंधर , सितंबर 24 -- पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (पावरकॉम) के प्रवर्तन दल ने जालंधर के महेड़ू गांव स्थित यूनिवर्सिटी व्यू एस्टेट में बिजली चोरी के तीन मामले पकड़े और संबंधित उपभोक्ताओं पर करीब 70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

प्रवर्तन इकाई की नवांशहर, फगवाड़ा और जालंधर-1 की टीमों ने गुप्त शिकायत के आधार पर छापेमारी के दौरान एक पीजी हाउस में बिजली चोरी पकड़ी। जांच में 19 मीटर लंबी केबल के जरिए 86.50 किलोवाट का बिजली भार सीधे चलाये जाने का मामला सामने आया। कनेक्शन काटकर केबल जब्त की गयी और 44 लाख रुपये बिजली चोरी जुर्माना तथा 2.88 लाख रुपये कंपाउंडिंग शुल्क लगाया गया।

इसी दौरान फगवाड़ा प्रवर्तन दल ने यूनिवर्सिटी व्यू एस्टेट में दो अन्य पीजी हाउसों में 23.61 किलोवाट और 19.20 किलोवाट भार की कथित बिजली चोरी पकड़ी। दोनों परिसरों के कनेक्शन मौके पर काटकर बिजली चोरी के मामले दर्ज किये गये। संबंधित उपभोक्ताओं पर क्रमशः 13 लाख रुपये और आठ लाख रुपये का जुर्माना तथा कंपाउंडिंग शुल्क लगाया गया।

पावरकॉम के अनुसार तीनों मामलों में थाना एंटी पावर थेफ्ट में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। विभाग ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं से अब तक 57 लाख रुपये बिजली चोरी जुर्माना और 2.78 लाख रुपये कंपाउंडिंग शुल्क वसूला जा चुका है।

इसके अलावा प्रवर्तन दलों ने यूनिवर्सिटी व्यू एस्टेट और सिमर एन्क्लेव में दो अन्य उपभोक्ताओं को भी अनधिकृत बिजली का इस्तेमाल करते पकड़ा। दोनों के नियमित कनेक्शन बकाया राशि के कारण कटे हुए थे और मौके पर अनधिकृत बिजली उपयोग पाया गया। दोनों पर क्रमशः 68 हजार और दो लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित