जालंधर , जुलाई 26 -- पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए जालंधर से एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई प्रायोजित है और इसे विदेश में बैठे हैंडलरों के इशारे पर संचालित किया जा रहा था।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर ग्रामीण पुलिस के संयुक्त अभियान में आरोपी के कब्जे से 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता वाले विस्फोटक से तैयार एक देसी बम (आईईडी) बरामद किया गया। आईईडी में कीलें और बॉल बेयरिंग भी भरे गए थे, इससे पता चलता है कि इसका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर जनहानि और सार्वजनिक शांति भंग करने के लिया किया जाना था।
श्री यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जालंधर के आदमपुर स्थित गांव पड़ियाना निवासी सतबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वह कर रहा था। पुलिस की टीमों ने गांव धंदौर के पास संयुक्त नाकाबंदी की और संदिग्ध सतबीर सिंह को मोटरसाइकिल सहित रोक लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से आईईडी बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया गया और अनेक निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकी। इस मामले में थाना पतारा, जिला जालंधर ग्रामीण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस विदेशी हैंडलरों, स्थानीय सहयोगियों तथा इस आतंकी साजिश से जुड़े पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाल रही है ताकि पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश किया जा सके।
इस संबंध में जालंधर ग्रामीण के थाना पतारा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(1) और 113(3), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1बी)(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित