जालंधर , सितंबर 25 -- पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने शनिवार को अबादपुरा में पंजाब शिक्षा क्रांति योजना के तहत 15 लाख रुपये के स्कूल विकास कार्यों का उद्घाटन किया जिनमें सरकारी प्राथमिक विद्यालय के लिए 10 लाख रुपये और सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के लिए पांच लाख रुपये के विकास कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर श्री भगत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही है। पंजाब के सरकारी स्कूलों में आधारभूत ढांचे का उन्नयन और भवनों का विस्तार किया जा रहा है। स्मार्ट कक्षाओं में इंटरैक्टिव एलसीडी स्क्रीन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।

उन्होंने सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को अनुभवी और योग्य बताते हुए अभिभावकों से बच्चों को सरकारी शिक्षण संस्थानों में दाखिल कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि 'रंगला पंजाब' अभियान के तहत सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है।

पंजाब शिक्षा क्रांति के समन्वयक संजीव भगत ने स्कूलों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित