जालंधर , अक्टूबर 01 -- पंजाब सरकार की 'युद्ध नशे के विरुद्ध' मुहिम के तहत जालंधर छावनी विधानसभा क्षेत्र के गांव दीवाली में गुरुवार को नशामुक्ति को लेकर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने नशे पर निर्भर लोगों के पुनर्वास तथा नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत बैंस ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाने के साथ नशों पर निर्भर लोगों के पुनर्वास के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

डीसीपी आदित्य वारियर ने कहा कि नशे से संबंधित गतिविधि की जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और लोगों से ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में लोगों का सहयोग जरूरी है।

हलका प्रभारी राजविंदर कौर थियाड़ा और दोआबा 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान के प्रभारी अतिन अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ावा दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित