जालंधर , फरवरी 18 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को गांव मदारा के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से मैग्जीन सहित दो पिस्तौल, छह कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि सीआईए स्टाफ जालंधर ग्रामीण ने समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चल रही विशेष मुहिम के तहत थाना आदमपुर क्षेत्र में गश्त एवं जांच की जा रही थी। इसी दौरान गांव मदारा के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति को लाल रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल पर भागने की कोशिश करते हुए काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पिस्तौल , मैगजीन और छह कारतूस बरामद हुए। उसकी पहचान जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के दविंदरपाल सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है।

एसएसपी ने बताया कि इस संबंध में थाना आदमपुर में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पुलिस रिमांड हेतु न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बरामद हथियारों के स्रोत, आरोपी के आगे-पीछे के संबंधों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित