फगवाड़ा , सितंबर 06 -- पंजाब में जालंधर-फगवाड़ा राजमार्ग पर ईस्टवुड क्षेत्र के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार के सड़क निर्माण स्थल में घुस जाने से एनएचएआई के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एनएचएआई कर्मचारियों की एक टीम हाईवे पर निर्माण कार्य में जुटी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक निर्माण स्थल में घुस गई और वहां काम कर रहे कर्मचारियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार भी क्षतिग्रस्त होकर मौके पर रुक गई। हादसे में वहां काम कर रहा कर्मचारी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

राहगीरों की ओर से सूचना मिलने पर फगवाड़ा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कार चालक विदेशी छात्र बताया जा रहा है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फगवाड़ा सदर थाने के जांच अधिकारी रोहित ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच की और चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित