जालंधर , अक्टूबर 22 -- पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान के तहत विभिन्न मामलों में जब्त किए गए 68 किलो 719 ग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया।

पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह के निर्देशों और मादक पदार्थ निपटान समिति की निगरानी में 21 अक्टूबर को गांव राओवाली स्थित एबीएस फूड एंड बेवरेज में कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब्त मादक पदार्थों को पारदर्शी तरीके से नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 30 किग्रा चूरापोस्त, चार किलो 376 ग्राम हेरोइन, 15 ग्राम स्मैक, 31 किलो 222 ग्राम गांजा और तीन किलो 106 ग्राम चरस शामिल है।

पुलिस ने कहा कि जब्त नशीले पदार्थों को नष्ट करने का उद्देश्य उनके भविष्य में दुरुपयोग की आशंका को समाप्त करना है। कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या नशा विरोधी हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर देने की अपील की। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित