जालंधर , जुलाई 09 -- पंजाब में जालंधर देहात पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 309 ग्राम हेरोइन के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद टाटा सफारी भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए सात जुलाई को दयालपुर गांव के पास नये राष्ट्रीय राजमार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने खड़ी एक टाटा सफारी के पास मौजूद दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख निवासी गांव भिंडी सैदां (जिला अमृतसर) और सरबजीत सिंह उर्फ घुक्क निवासी गांव भग्गूपुर बेट (जिला अमृतसर) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान सुखप्रीत सिंह से 169 ग्राम और सरबजीत सिंह से 140 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस तरह कुल 309 ग्राम हेरोइन जब्त की गयी। पुलिस ने इस संबंध में थाना करतारपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(सी), 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अमृतसर के सीमावर्ती इलाके से कम कीमत पर हेरोइन खरीदकर करतारपुर और कपूरथला क्षेत्र में सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार, सरबजीत सिंह के रिश्तेदार इन इलाकों में रहते हैं, जिसके कारण उन्होंने वहां ग्राहकों का नेटवर्क तैयार कर लिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब हेरोइन के स्रोत, इसके खरीदारों तथा इस तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही, नशा तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के अनुसार जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित