जालंधर , मई 12 -- पंजाब में जालंधर देहात पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने की विशेष मुहिम के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 120 और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 419 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।

वरिष्ठ पुलिस कप्तान हरविंदर सिंह विर्क ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि उनके निर्देशों तथा पुलिस कप्तान (तफ्तीश) वनीत अहलावत की अगुवाई में जिला सांझ केंद्र और सीआईए स्टाफ की टीमों ने तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए यह सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए गए हैं। इन 120 मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।

श्री विर्क ने बताया कि गुम मोबाइल फोनों संबंधी शिकायतें सांझ केंद्रों में दर्ज कर सीईआईआर पोर्टल (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पर अपलोड की जाती हैं। इसके जरिए मोबाइल फोन ट्रेस कर संबंधित थानों और सीआईए स्टाफ के सहयोग से बरामदगी सुनिश्चित की जाती है। इस अभियान के दौरान सब-इंस्पेक्टर दलविंदर सिंह और इंस्पेक्टर पुष्प बाली की निगरानी में पुलिस टीमों ने दिन-रात मेहनत कर मोबाइल बरामद किए।

उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन हर व्यक्ति की रोजमर्रा जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, जिसमें निजी जानकारी, तस्वीरें, बैंकिंग विवरण और अन्य महत्वपूर्ण डेटा मौजूद होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उसकी बरामदगी हो सके और गलत इस्तेमाल रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस लोगों की सुरक्षा, उनकी संपत्ति की रक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी मुहिम आगे भी जारी रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित