जालंधर , मई 25 -- पंजाब के जालंधर जिले में 26 मई को होने वाले नगर काउंसिल और नगर पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए 133 पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री सहित विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
जिला उपायुक्त वरजीत वालिया ने सोमवार को मतदान दलों को रवाना करते हुए चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा बनना गर्व की बात है। उन्होंने मतदान कर्मियों से पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
श्री वालिया ने बताया कि जिले में नगर काउंसिल और नगर पंचायत चुनावों को सुचारु रूप से सम्पन्न करवाने के लिए व्यापक प्रबंध किये गये हैं। उन्होंने कहा कि कुल 133 पोलिंग पार्टियां गठित की गयी हैं, जिनमें प्रत्येक पार्टी में एक पीआरओ, एक एपीआरओ और तीन पीओ शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया के लिए करीब 800 कर्मचारियों की तैनाती की गयी है, जिनमें 20 प्रतिशत रिजर्व स्टाफ भी शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1,08,067 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 54,943 पुरुष, 53,116 महिला और 8 अन्य मतदाता शामिल हैं।
नगर काउंसिल नकोदर में 27,964 मतदाता, आदमपुर में 12,610, करतारपुर में 19,736, नूरमहल में 11,105 तथा फिल्लौर में 19,179 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पंचायत लोहियां में 7,958 और मेहतपुर में 9,515 मतदाता अपने वोट डालेंगे। उन्होंने बताया कि जिले की पांच नगर काउंसिलों और दो नगर पंचायतों के 99 वार्डों के लिए कुल 341 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आदमपुर के 13 वार्डों में 44 उम्मीदवार, करतारपुर के 15 वार्डों में 50, नकौदर के 17 वार्डों में 55, नूरमहल के 13 वार्डों में 41 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। फिल्लौर नगर काउंसिल में 15 वार्डों के लिए 57 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि नगर पंचायत मेहतपुर और लोहियां खास में 13-13 वार्डों के लिए 47-47 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में कुल 133 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। मतदान मंगलवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा, जबकि मतगणना 29 मई 2026 को करवाई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता फोटो पहचान पत्र के अलावा राज्य चुनाव आयोग द्वारा 15 अन्य दस्तावेजों को भी मतदान के लिए मान्य पहचान पत्र के रूप में मान्यता दी गयी है। इनमें आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, पेंशन दस्तावेज, सरकारी पहचान पत्र और मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के फोटो आईडी कार्ड शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित