जालंधर , सितंबर 24 -- पंजाब में जालंधर के लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर बस्ती बावा खेल थाना क्षेत्र में गुरुवार को करीब 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी विक्रम, पुत्र महिंदर राम, के रूप में हुई है।

सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम आतिश भाटिया ने बताया कि सूचना मिलने पर लेदर कॉम्प्लेक्स पुलिस चौकी और थाना बस्ती बावा खेल की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले, हालांकि कान के पीछे हल्का खून जमा हुआ पाया गया।

परिजनों के अनुसार विक्रम शराब का आदी था और बुधवार रात करीब 10 बजे शराब पीने के बाद घर से निकला था। परिवार को गुरुवार सुबह उसकी मौत की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों तथा परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित