जालंधर , अक्टूबर 08 -- पंजाब के जालंधर जिले में टीबी उन्मूलन के लिए बेहतर प्रदर्शन करने वाली 91 पंचायतों को गुरुवार को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त वरजीत वालिया ने पंचायतोंको प्रमाणपत्र प्रदान किये।
सम्मानित 91 गांवों में एक को गोल्ड, 19 को सिल्वर और 71 को ब्रॉन्ज श्रेणी में प्रमाणपत्र दिया गया। कालाबकरा ब्लॉक केगांव जफ्फल झींगड़ को 2023, 2024 और 2025 में लगातार तीन वर्ष टीबी मुक्त रहने पर गोल्ड प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। 19 गांवों को लगातार दो वर्ष और 71 गांवों को एक वर्ष टीबी मुक्त रहने पर क्रमशः सिल्वर और ब्रॉन्ज प्रमाणपत्र दिए गए। उपायुक्त ने पंचायतों, सरपंचों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को बधाई देते हुए कहा कि जफ्फल झींगड़ की उपलब्धि अन्य गांवों के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी नौ ब्लॉकों के लिए 'जोश' (ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों को भी रवाना किया गया। ये टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को टीबी के लक्षण, प्रसार और बचाव के बारे में जागरूक करेंगी। प्रत्येक टीम में एक नोडल अधिकारी, पांच एनसीसी कैडेट और पांच 'माई भारत' स्वयंसेवक शामिल हैं। अभियान में टीबी से उबर चुके लोगों को भी जोड़ा गया है।
सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में टीबी की मुफ्त जांच और उपचार उपलब्ध है। जिला टीबी अधिकारी डॉ. रीतू दादरा ने लोगों से दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहने पर तुरंत जांच कराने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित