जालंधर , अप्रैल 21 -- पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ा कदम उठाते हुए जब्त किए गए नशीले पदार्थों की बड़ी खेप को पारदर्शी तरीके से नष्ट किया है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर के नेतृत्व में की गई। इस अभियान की निगरानी डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) जयंत पुरी, एसीपी-एनडीपीएस संजय कुमार और एसीपी अमरबीर सिंह द्वारा की गई। यह कार्रवाई एनडीपीएस मामलों में जब्त किए गए करीब 200 प्री-ट्रायल और पोस्ट-ट्रायल केसों से संबंधित नशीले पदार्थ को नष्ट करने के लिए की गई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह प्रक्रिया ए.बी.एस. फूड एंड बेवरेजेज, गांव राववाली, जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस की ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सख्त निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई।

नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में लगभग 65 900 ग्राम भूकी, 3820 ग्राम हेरोइन, 60 नशीली गोलियां, 1830 कैप्सूल, 1150 ग्राम गांजा, 45 ग्राम नशीला पाउडर और 16 ग्राम स्मैक शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि नशे के खात्मे के लिए राज्य पुलिस इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रखेगी, ताकि जालंधर शहर को नशा-मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित