पांढुर्ना , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के पांढुर्ना जिले के सौंसर स्थित प्रसिद्ध जाम सांवली हनुमान मंदिर में मंगलवार दोपहर पंखे के ऊपर लगा पीओपी का एक हिस्सा अचानक गिर गया। घटना के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई थी। मलबा गिरने से वहां मौजूद दो श्रद्धालु बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
अचानक पीओपी का हिस्सा गिरने से तेज आवाज हुई और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। लोग तत्काल वहां से हटकर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित हिस्से में श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद कर दी।
मंदिर समिति के अनुसार मोटर खराब होने के कारण संबंधित हिस्से में काम चल रहा था। इसी दौरान पंखे के ऊपर लगा पीओपी का हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। घटना के बाद क्षतिग्रस्त पीओपी को हटाकर मरम्मत का काम शुरू कराया गया। मंदिर परिसर के अन्य हिस्सों की भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद मंदिर में हुए निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जाम सांवली हनुमान मंदिर में हनुमान लोक का निर्माण करीब डेढ़ वर्ष पहले ही कराया गया था। इतने कम समय में निर्माण का हिस्सा गिरने से श्रद्धालुओं में भी चिंता है।
मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में निर्माण के किसी हिस्से के अचानक गिरने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के निर्माण और अन्य सजावटी हिस्सों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।
स्थानीय विधायक विजय चौरे ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि डेढ़ वर्ष पुराने निर्माण का इस तरह गिरना गंभीर सवाल खड़े करता है। मामले की जांच कराकर पीओपी गिरने के कारणों का पता लगाया जाएगा। निर्माण कार्य में किसी तरह की कमी सामने आने पर उसकी भी जांच की जाएगी।
फिलहाल मंदिर समिति की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर मरम्मत का काम कराया जा रहा है। अन्य हिस्सों की जांच भी की जा रही है, ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी ऐसी घटना दोबारा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित