श्रीनगर , मार्च 14 -- जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर की ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में रमज़ान के आखिरी शुक्रवार को नमाज़ पर रोक लगाए जाने के एक दिन बाद कश्मीर के मुख्य मौलवी मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने इस मुद्दे पर चुप रहने के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित चुने हुए प्रतिनिधियों की आलोचना की।

मीरवाइज़ ने यहां एक धार्मिक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान इन पाबंदियों पर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग संसद और विधानसभा में प्रदेश के लोगों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करते हैं, उन्होंने चुप रहना ही बेहतर समझा। उन्होंने कहा , "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग खुद को जम्मू-कश्मीर के लोगों का चुना हुआ प्रतिनिधि कहते हैं। चाहे वे संसद में हों या विधानसभा में और जिनमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं वे चुप रहना ही चुनते हैं। ऐसा करके वे लोगों की भावनाओं और मौलिक अधिकारों के प्रति पूरी तरह से असंवेदनशीलता दिखाते हैं, जबकि घाटी के इस मुख्य पूजा स्थल को बार-बार ज़बरदस्ती बंद कर दिया जाता है और लोगों को महत्वपूर्ण धार्मिक मौकों पर भी वहाँ जाने से रोक दिया जाता है।"उन्होंने कहा कि इन प्रतिनिधियों को अपने पद के साथ न्याय करना चाहिए और जिस भी तरीके से हो सके, लोगों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए खड़े होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित