टिहरी , जनवरी 31 -- उत्तराखंड में टिहरी देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जामनीखाल में स्थानीय जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने शनिवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों एवं स्थानीय आवश्यकताओं पर सार्थक चर्चा की गई।

कार्यक्रम में वीबी जीरामजी विधेयक से संबंधित प्रावधानों एवं उद्देश्यों पर विशेष रूप से बताया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आजीविका के नए अवसर सृजित करने तथा जनजीवन को सशक्त बनाने में इस विधेयक की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

सांसद ने कहा कि यह विधेयक योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देगा।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वीबी जीरामजी विधेयक के विरुद्ध इंडि गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार (प्रोपेगेंडा) को तथ्यों के साथ पूरी मजबूती से बेनकाब करें। कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू यह विधेयक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, रोजगार के अवसरों का विस्तार करने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित