जामताड़ा , जुलाई 18 -- झारखंड में जामताड़ा सदर अस्पताल में इलाज के अभाव में प्रसूता महिला की मौत के बाद यह मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ने लगा है।
इस प्रकरण में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, वहीं भाजपा इस मामले को लेकर पूरी तरह मुखर है। भारतीय जनता पार्टी की जामताड़ा इकाई ने शनिवार को इंदिरा चौक पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का पुतला दहन किया। शाम 5 बजे आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भारी अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
प्रदर्शन को रोकने के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन शुरू किया, पुलिस अधिकारियों ने पुतला छीनने का प्रयास किया। इसके बावजूद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी। पुतले में आग लगते ही मौके पर खड़ी पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया और जलते हुए पुतले को लेकर भागने लगे। इसको लेकर कुछ देर के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच आपाधापी और हाथापाई नौबत आ गई।
पुतले में आग लगते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस अधिकारी और सिपाही आग बुझाने और पुतले को कब्जे में लेने के लिए कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। कुछ पुलिसकर्मी अपने गमछे से पुतले की आग बुझाते नजर आए। अंत में एक पुलिसकर्मी जलते हुए पुतले को छीनकर भागा और उसे बुझाया। इस दौरान पुलिसकर्मी के झुलसने की भी खबर है।
खींचतान के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस भिड़ंत में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा सड़क पर गिर गईं और उन्हें चोटें आईं। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों के हाथ भी झुलस गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जामताड़ा के अंचलाधिकारी अभिश्वर मुर्मू भी मौके पर मौजूद रहे।
पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा, "प्रशासन चाहे कितना भी दमन चक्र चला ले, भाजपा कार्यकर्ता रुकने वाले नहीं हैं। हम पुलिस और सरकार की गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। प्रसूता महिला मौत मामले में लापरवाह कर्मियों और डॉक्टर पर जब तक कार्रवाई नहीं होगी, भाजपा का यह प्रदर्शन और विरोध चलता रहेगा।"उन्होंने कहा कि 16 जुलाई को सदर अस्पताल में प्रबंधन की लापरवाही से एक गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। यह घटना स्वास्थ्य मंत्री के गृह क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित