जामताड़ा , मई 09 -- झारखंड के जामताड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
गुप्त सूचना के आधार पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कई मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहले मामले में फतेहपुर थाना कांड संख्या 13/25, दिनांक 20 मार्च 2025, धारा 3/25, 26/35 आर्म्स एक्ट के अभियुक्त मुस्तकीम अंसारी को 8 मई 2026 को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नवाडीह दुर्गापुर रेलवे अंडर ब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया।
जामताड़ा के एसपी शंभू सिंह ने आज पुलिस मुख्यालय में इस मामले के जानकारी साझा करते बताया कि बीते 22 मार्च 2025 को फतेहपुर थाना क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के कर्मी को हथियार का भय दिखाकर गोली मारकर हत्या एवं लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी पर देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह सहित कई जिलों में लूट, डकैती, हत्या एवं आर्म्स एक्ट के लगभग 15 मामले दर्ज हैं। दूसरे मामले में बिन्दापाथर थाना कांड संख्या 51/2023, दिनांक 3 अगस्त 2023, धारा 419, 406, 323, 420, 467, 468, 469, 471 एवं 506 के आरोपी अरसमुदीन अंसारी उर्फ समीर को 9 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर धोखाधड़ी, ठगी एवं धमकी देने का आरोप है। पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
इसके अलावा साइबर थाना जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम अंसारी, रहमत अंसारी एवं कलाम अंसारी शामिल हैं। इनके पास से 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड एवं 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों की जानकारी हासिल कर ठगी करते थे।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला मनोज कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक किशोरी शरणजी, पुलिस अवर निरीक्षक विकास आनंद मिंज, थाना प्रभारी फतेहपुर विकास कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित