टोक्यो , अप्रैल 20 -- जापान के उत्तर-पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में दोपहर बाद आये भूकंप की तीव्रता को संशोधित कर 7.7 कर दिया गया है, जो पहले 7.5 आंकी गयी थी। यह जानकारी जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने दी।

भूकंप के बाद होक्काइडो, आओमोरी और इवाते प्रांतों के प्रशांत तट पर सुनामी की लहरें देखी गयीं। इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर 80 सेंटीमीटर और मियाको बंदरगाह पर 40 सेंटीमीटर ऊंची लहर दर्ज की गयीं। आओमोरी प्रांत के हाचिनोहे शहर में एक 60 वर्षीय व्यक्ति सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गया, जिसे अस्पतालमें भर्ती कराया गया है।

जापान के आंतरिक मामलों और संचार मंत्रालय के अनुसार, होक्काइडो, आओमोरी, इवाते, मियागी और फुकुशिमा प्रांतों में 1.7 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिये गये हैं। प्रभावित इलाकों के निवासियों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गयी है।

परमाणु संयंत्रों के संचालकों के मुताबिक, आओमोरी के हिगाशिदोरी, मियागी के ओनागावा तथा फुकुशिमा के दाइइची और दाइनी परमाणु संयंत्रों में अब तक किसी प्रकार की असामान्यता की सूचना नहीं है।

भूकंप के कारण परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गयी हैं।

भूकंप का केंद्र सानरिकु तट के पास 39.8 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 143.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर 20 किलोमीटर की गहराई में था। आओमोरी प्रांत के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में जापानी भूकंपीय पैमाने पर इसकी तीव्रता पांच से ऊपर दर्ज की गयी। भूकंप स्थानीय समयानुसार अपराह्न 4:53 बजे आया।

इसकी प्रारंभिक तीव्रता 7.4 आंकी गयी थी, जिसे बाद में दो बार संशोधित किया गया। मौसम एजेंसी ने अगले एक सप्ताह के भीतर इसी तरह के और झटके आने की चेतावनी भी दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित