चंडीगढ़ , जून 29 -- जापान के फुकुओका प्रीफेक्चर में तकनीकी क्षेत्र की 80 प्रतिशत कंपनियां कुशल मानव संसाधन की कमी से जूझ रही हैं और इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए फुकुओका ने हरियाणा सरकार से सहयोग मांगा है।
दोनों पक्षों के बीच आयोजित 'हरियाणा-फुकुओका कनेक्ट-2026' बैठक में अगले पांच वर्षों में हरियाणा के 50 हजार युवाओं को जापान में रोजगार, इंटर्नशिप और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक में औद्योगिक निवेश, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और मानव संसाधन सहयोग को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई। हरियाणा सरकार ने जापानी कंपनियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित मंजूरी और उद्योग-अनुकूल माहौल की जानकारी दी। साथ ही फुकुओका की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को तैयार करने के लिए जापानी भाषा और तकनीकी शिक्षा के नये पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना भी साझा की गयी।
हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम में फुकुओका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का परिसर स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर जापानी प्रतिनिधिमंडल ने संभावनाएं तलाशने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों ने विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त अनुसंधान, छात्र-फैकल्टी एक्सचेंज और दीर्घकालिक शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की।
बैठक में हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों, विश्वविद्यालयों, एचकेआरएन और जापानी प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों ने भाग लिया तथा भविष्य में सहयोग को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित