सहारनपुर , अक्टूबर 17 -- जापान के आइची प्रांत और नागोया शहर में 5वें एशियाई पैरा गेम्स-2026 की मेडल सेरेमनी में देवबंद निवासी आल इंडिया बालीवाल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) की युवा इकाई के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य राघवदास अग्रवाल भाग लेंगे। वह पांच सदस्यीय भारतीय प्रतिमंडल के साथ 22 अक्टूबर को जापान खेलों के आयोजन स्थल पर जाएंगे और 25 तक वहां रहेंगे।
उन्होंने आज बताया कि भारत ने इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए मजबूत दल भेजा है। 18 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह होगा। जिसमें भारतीय ध्वजवाहक प्रमोद भगत और भाविना पटेल होंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय दल में 176 एथलीट उनके कोच/सहयोगी स्टाफ आदि शामिल हैं जो विभिन्न स्पर्धाओं में पदक के लिए मुकाबला करेंगे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी इस पांचवें एशियाई पैरा गेम्स में अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन करेंगे। 18 प्रमुख खेलों में 492 मेडल इवेन्ट्स होंगे। एशिया के 45 देशों के 3000 हजार से ज्यादा एथलीट प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित