जयपुर/टोक्यो , सितंबर 27 -- जापान में राजस्थान को लेकर पर्यटकों की पसंद बदलने लगी है और उनकी राजस्थान में सोलो ट्रेवल में रुचि बढ़ी हैं।

जापान के टोक्यो में चार दिन चले पर्यटन एक्सपो के समापन पर जापानी पर्यटकों और यात्रा कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों ने राजस्थान के किले-महलों और रेगिस्तान के साथ अकेले यात्रा, पैलेस ऑन व्हील्स, वन्यजीव, ग्रामीण जीवन, हस्तशिल्प और स्थानीय खान-पान को लेकर जानकारी ली। इस दौरान अकेले राजस्थान घूमने की इच्छुक महिला यात्रियों ने खास तौर पर सुरक्षा और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सवाल किए और अकेले राजस्थान घूमने में रुचि दिखाई।

राज्य के पर्यटन सचिव शुचि त्यागी के प्रतिनिधित्व में उनके साथ एक्सपों में भाग ले रहे संयुक्त निदेशक अजय शर्मा ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को पर्यटन एक्सपो का समापन हुआ। 24 से 27 सितंबर तक आयोजित इस आयोजन में राजस्थान पर्यटन विभाग ने भाग लिया।

श्री शर्मा ने बताया कि एक्सपो में कई जापानी महिला यात्रियों ने अकेले राजस्थान घूमने में रुचि दिखाई। उनकी प्रमुख चिंता सुरक्षा को लेकर थी। उन्हें राज्य में पुलिस सहायता व्यवस्था, टूरिस्ट असिटेंस फोर्स और महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी गई। शर्मा के अनुसार, जापानी बाजार में राजस्थान को लेकर पूछताछ अब केवल पारंपरिक पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रह गयी है।

जापानी यात्रा एजेंटों और भ्रमण संचालकों ने राजस्थान के पैकेज टूर को लेकर भी जानकारी ली । उन्होंने प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों को एक यात्रा कार्यक्रम में शामिल करने, उनके बीच रेल, सड़क और हवाई संपर्क, यात्रा में लगने वाले समय तथा होटल और यात्रा खर्च के बारे में सवाल किये।

श्री शर्मा ने बताया कि जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, रणथंभौर और शेखावाटी को अलग-अलग पर्यटन अनुभवों के साथ जोड़ने पर भी चर्चा हुई। वन्यजीव, ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और खान-पान को लेकर भी एक्सपों में आये जापानी पर्यटकों ने जानकारी हासिल की।

राजस्थान के पर्यटन उत्पादों में पैलेस ऑन व्हील्स जापानी आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। ट्रेन के शाही स्वरूप, सजावट, यात्रा अनुभव और बुकिंग प्रक्रिया को लेकर कई लोगों ने जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जापानी पर्यटक राजस्थान की राजसी विरासत के साथ उससे जुड़े विशिष्ट अनुभवों में भी रुचि दिखा रहे हैं। जापान की प्रमुख यात्रा कंपनी जे.टी.बी. के समूह यात्रा प्रभाग के प्रतिनिधियों के साथ भी राजस्थान पर्यटन की बातचीत हुई। राजस्थान को जापानी बाजार में बढ़ावा देने और वहां के यात्रा उद्योग के साथ काम करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। जापानी यात्रा मीडिया, सामग्री निर्माताओं और प्रभावशाली लोगों ने राजस्थान पर वीडियो और डिजिटल सामग्री तैयार करने में भी रुचि दिखाई।

टोक्यो के सकुरा होटल के प्रतिनिधि कियोताका कोबायाशी ने राजस्थान के होटल उद्योग के साथ संपर्क बढ़ाने में रुचि दिखाई। वहीं जापान यात्रा एजेंट संघ से जुड़े ताकाहिरो सातो ने राजस्थान पर्यटन के स्टॉल का दौरा कर राज्य के पर्यटन उत्पादों की जानकारी ली। श्री शर्मा ने बताया कि राजस्थान पर्यटन पहले भी जापान के यात्रा एजेंटों और भ्रमण संचालकों को ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार में आमंत्रित करता रहा है। एक्सपो के दौरान कई जापानी भ्रमण संचालकों और प्रभावशाली लोगों ने जीआईटीबी-2027 में भाग लेने में रुचि दिखाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित