यमुनानगर , अक्टूबर 05 -- हरियाणा में जिला पुलिस के रामपुरा चौकी इंचार्ज एएसआई मनोज कुमार ने आग में फंसी युवती को बचाने के लिए जान की परवाह किये बिना बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनकी इस साहसिक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने प्रशंसा पत्र और नकद इनाम देकर सम्मानित किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस आमजन की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के संकल्प के साथ पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी कानून-व्यवस्था बनाये रखने केसाथ-साथ आपात परिस्थितियों में आमजन की जान बचाने के लिए भी तत्पर रहते हैं।
जानकारी के अनुसार तीन मई 2026 को मॉडल कॉलोनी स्थित रमनदीप इंटरप्राइजेज के कार्यालय में अचानक आग लगगयी थी। सूचना मिलते ही रामपुरा पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई मनोज कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
उस समय फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच चुकी थी और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा था। आगतेजी से फैल रही थी और परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं।
मौके पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि कार्यालय के अंदर एक युवती बेहोशी की हालत में फंसी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एएसआई मनोज कुमार ने अपनी जान की परवाह किये बिना साहसपूर्वक कार्यालय के अंदर प्रवेश किया और बेहोश पड़ी युवती को बाहर निकाला। युवती को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल यमुनानगर भिजवाया गया, हालांकि चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
इस दौरान एएसआई मनोज कुमार द्वारा दिखायी गयी बहादुरी, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की गई। उनके साहसिक कार्य को देखते हुए पुलिस महानिदेशक हरियाणा द्वारा एएसआई मनोज कुमार को प्रथम श्रेणी प्रशंसा पत्र और नकद इनाम देकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित