मुंबई , सितंबर 15 -- स्टार प्लस के नये शो 'सयोनी' में सान्वी का किरदार निभा रहीं जान्हवी सोनी ने बताया कि इस भूमिका को समझने में उन्हें अपनी करीबी दोस्त की जिंदगी से प्रेरणा मिली, जो बिना मां के बड़ी हुई हैं।सरगुन मेहता के ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट निर्मित 'सयोनी' के प्रोमो दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। शो में रश्मि देसाई लंबे समय बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। वहीं, गौतम सिंह विग और जान्हवी सोनी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। जान्हवी का किरदार सान्वी अनाथालय में पली-बढ़ी है और बचपन से मां के प्यार से वंचित रही है।

जान्हवी ने कहा, "मैं खुद कभी सान्वी जैसी परिस्थितियों से नहीं गुजरी हूं, लेकिन मेरी एक बहुत अच्छी दोस्त बिना मां के बड़ी हुई है। वह अपनी मासी को ही मां मानती है। मैंने उनके रिश्ते को बहुत करीब से देखा है। मैं अक्सर सोचती थी कि जब वह स्कूल जाती थी, उसके एग्जाम होते थे या जिंदगी में कोई खास पल आता था, तब उसकी मां उसके साथ नहीं थीं। धीरे-धीरे उसकी मासी ही उसके लिए मां और सबसे बड़ा सहारा बन गईं।"उन्होंने कहा कि अपनी दोस्त की जिंदगी को करीब से देखने से उन्हें सान्वी की भावनाओं को समझने में मदद मिली। जान्हवी के अनुसार, अनाथालय में पले-बढ़े बच्चों को भी कई बार कोई ऐसा व्यक्ति मिल जाता है, जिससे वे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं और उसी में उन्हें परिवार तथा अपनेपन का एहसास मिलता है। उन्होंने कहा, "मेरी दोस्त की जिंदगी के अनुभव ने मुझे सान्वी और उसके अंदर मां के प्यार की कमी को समझने में मदद की। किरदार की तैयारी के दौरान मैंने इन्हीं भावनाओं को महसूस करने और समझने की कोशिश की। इससे मुझे यह समझने में मदद मिली कि सान्वी के लिए किसी में मां की छवि और अपना परिवार तलाशना कितना महत्वपूर्ण है।"रश्मि देसाई, जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग अभिनीत 'सयोनी' का प्रीमियर 23 सितंबर को शाम 7.30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित