ऋषिकेश , सितंबर 14 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में जानकी सेतु के समीप नदी के बीच बने टापू पर फंसे एक युवक को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने कल देर रात साहसिक और त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार देर रात चौकी ढालवाला से एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला को सूचना मिली कि जानकी सेतु के पास नदी के बीच बने टापू पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने सूझबूझ और तत्परता के साथ नदी के बीच टापू तक सुरक्षित पहुंच बनाई।
एसडीआरएफ जवानों ने विषम परिस्थितियों और नदी के बहाव के बीच साहस का परिचय देते हुए टापू पर फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आयुष भंडारी (19) पुत्र कुलदीप भंडारी , निवासी कर्णप्रयाग, जनपद चमोली के रूप में हुई है।
रेस्क्यू के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित