कोलकाता , अप्रैल 24 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जादवपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों पर की गयी टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान और मेधावी विद्यार्थियों का अपमान है।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने शुक्रवार को अपने व्हाट्सऐप चैनल पर साझा उक संदेश में प्रधानमंत्री की 'मर्यादा और शिष्टाचार' पर सवाल उठाते हुए कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय जैसे उत्कृष्ट संस्थान के विद्यार्थियों के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी करना अनुचित है।

सुश्री बनर्जी ने कहा, " यह पूछते हुए दुख हो रहा है कि क्या प्रतिष्ठित जाधवपुर विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों का वर्णन करने का आपका यही तरीका है? क्या आप उत्कृष्टता के उस केंद्र का अपमान करने की हद तक चले जाएंगे? क्या आप इतने नीचे तक उतर आये हैं?"यह प्रतिक्रिया उस समय आयी जब प्रधानमंत्री ने जादवपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में 'राष्ट्रविरोधी नारे' लिखे जाने का आरोप लगाया था और राज्य सरकार पर संस्थान की गरिमा की रक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया था।

सुश्री बनर्जी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय लगातार राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रश्न करना और आलोचनात्मक सोच शिक्षा का हिस्सा है, अराजकता नहीं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का विरोध लोकतंत्र की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा माना जाना चाहिए।

सुश्री बनर्जी ने कहा कि वास्तविक अराजकता सत्ता के दुरुपयोग और जवाबदेही के अभाव से पैदा होती है। उन्होंने किसानों, मणिपुर की स्थिति और अन्य मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की।

सुश्री बनर्जी ने कहा, " अराजकता का मतलब है, न्याय के बजाय बुलडोज़र को सत्ता के औज़ार के तौर पर इस्तेमाल करना। अराजकता तब होती है, जब किसान मरते हैं और उनकी आवाज़ को कुचल दिया जाता है। अराजकता का मतलब है, प्रेस का सामना करने से इनकार करना, जवाबदेही से बचना और सवालों के जवाब देने से मना करना।"उन्होंने श्री अरबिंदो घोष की परंपरा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री से अपील की कि राज्य और शैक्षणिक संस्थानों की छवि को नुकसान न पहुंचाया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित