ऋषिकेश , अगस्त 31 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में जातीय अपमान के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को मोर्चा खोलते हुए लक्ष्मणझूला थाने में तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता आज लक्ष्मणझूला थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद कथित रूप से यज्ञ कराया गया और गंगाजल का छिड़काव कर कार्यक्रम स्थल को शुद्ध करने का प्रयास किया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
कांग्रेस ने इस कथित घटनाक्रम को अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान सम्मान और अधिकार प्रदान करता है। जाति के आधार पर किसी व्यक्ति अथवा समाज का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित