चंडीगढ़ , अप्रैल 19 -- पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने 'जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सम्मान संशोधन विधेयक 2026' को मंजूरी देने के लिए पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब सरकार से सभी धर्मों की बेअदबी रोकने के लिए एक व्यापक कानून लाने की अपील भी की।
श्री जाखड़ ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि वह राज्यपाल कटारिया के आभारी हैं, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण विधेयक को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने से अब बेअदबी करने वालों को सख्त सजा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंजाब सरकार जल्द ही उस मसौदा कानून को विधानसभा में पेश करेगी, जिसे पहले ही एक चयन समिति (सेलेक्ट कमेटी) को भेजा जा चुका है। यह प्रस्तावित कानून सभी धर्मों से जुड़ी बेअदबी की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि एक समग्र और व्यापक कानून बनाया जा सके।
भाजपा नेता ने कहा कि इस कानून के पारित होने से श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वालों के खिलाफ कड़ी सजा का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने यह भी दोहराया कि पिछले साल विधानसभा सत्र के दौरान चयन समिति को भेजे गए मसौदा कानून को जल्द विचार के लिए लाया जाए।
श्री जाखड़ ने कहा कि हिंदू धर्म सहित सभी धर्मों की मूर्तियों और धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी को रोकने के लिए भी कानून बनाया जाना चाहिए, क्योंकि हाल के समय में कुछ विभाजनकारी ताकतें इस तरह की निंदनीय घटनाओं में शामिल रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को इस विधेयक को जल्द से जल्द विधानसभा में पेश कर पारित करना चाहिए, क्योंकि यह सभी धर्मों के लोगों की साझा मांग है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित