जांजगीर-चांपा , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला तेलीपारा डोंगाकोहरौद के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक को वायरल वीडियो प्रकरण में तत्काल प्रभाव से शनिवार को निलंबित कर दिया गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जांच के निर्देश दिये थे। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पामगढ़ ने जांच कर प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वायरल वीडियो तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया प्रधान पाठक का आचरण गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया। उनका कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से आज निलंबित किया गया।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में भुवनेश्वर कौशिक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित