जांजगीर-चांपा , नवंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में शनिवार देर रात शराब के नशे में हुई कहा-सुनी ने एक युवक की जान ले ली। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन चांपा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज कुछ घंटों में छह संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
घोघरा नाला क्षेत्र में रोहित महंत की उसके ही परिचित युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।।
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब कल रात करीब आठ बजे सागर कर्ष अपने दोस्तों के साथ घोघरा नाला स्थित एक किराना दुकान के पास शराब पी रहा था। इसी दौरान रोहित महंत पहुंचा और सागर से बदसलूकी करने लगा। बताया गया कि झगड़े के दौरान सागर ने रोहित को थप्पड़ भी मारे, जिसके बाद रोहित वहां से चला गया। कुछ देर बाद करीब 9:30 बजे रोहित दोबारा उसी स्थान पर पहुंचा और फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे दोनों पक्षों में दोबारा विवाद भड़क गया।
पुलिस के अनुसार, लगातार अपशब्द कहे जाने से क्षुब्ध सागर और उसके साथियों ने रोहित पर हमला बोल दिया। पांच युवकों ने रोहित को पकड़ लिया जबकि सागर ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। गंभीर चोट लगने पर रोहित मौके पर ही बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। इसके बाद चांपा थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती के बाद उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में उपयोग किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित