जांजगीर-चांपा , फरवरी 04 -- जांजगीर-चांपा जिले में मछुआरा समिति के सदस्यों द्वारा अपनी मांगों को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर यातायात बाधित करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 21 नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया है, इसकी जानकारी आज पुलिस ने दी ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक मत्स्य अधिकारी सीताराम अहिरवार, जो सहायक संचालक मछली पालन कार्यालय कुलीपोटा में पदस्थ हैं, ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 03 फरवरी को दोपहर लगभग 1 बजे मछुआरा समिति के पदाधिकारी एवं अन्य लोग मत्स्य विभाग कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित करते हुए चक्का जाम कर दिया।
शिकायत के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को समझाने के दौरान उन्होंने शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। चक्का जाम के कारण लगभग तीन घंटे तक मुख्य मार्ग अवरुद्ध रहा, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 99/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 एवं 126(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
नामजद आरोपी : नवीन धीवर, गायत्री गायग्वाल, ओम प्रकाश धीवर, बुधराम धीवर, भोजराम धीवर, दामोदर धीवर, राकेश महंत (निवासी कुलीपोटा), शिवकुमार धीवर (निवासी गोधना), करन, विजय धीवर, सरिता धीवर (पति समारु धीवर), मीना धीवर, मोनू धीवर (निवासी कोसा), अहिल्या धीवर (पति लक्ष्मी प्रसाद, निवासी कोसा), सविता धीवर (निवासी बलौदा), सरिता धीवर (पति नारद धीवर, निवासी घडोला), रामकुमार, गोवर्धन धीवर (पिता रामभरोस, निवासी लछनपुर), सहसराम, धनबाई धीवर (निवासी भोजपुर, चांपा) सहित अन्य आरोपी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित