जांजगीर-चांपा , जून 21 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल से जुड़े होने के संदेह में पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े तत्वों के संपर्क में होने के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय न बताया कि,अकलतरा थाना क्षेत्र के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में सत्यापन कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने सेवक सिंह (23), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी के जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद उसके मोबाइल फोन की जांच की गई। जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको सहित अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 तथा 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में आरोपी के पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित आईएसआई समर्थित गैंग से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में रहने की बात सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों से विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क में था।

जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, लोकेशन, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी सूचनाएं साझा की थीं। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉलिंग, कॉल रिकॉर्डिंग तथा अन्य डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस का दावा है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जाने की संभावना जताई गई है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत विवेचना और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियां देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले में पूरे नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। प्रकरण विवेचनाधीन है तथा जांच के दौरान और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित