जांजगीर-चांपा , अप्रैल 24 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहि गांव में गुरुवार देर रात नकाबपोश हमलावरों ने एक कारोबारी के घर में घुसकर फायरिंग कर दी, जिसमें 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया।
पुलिस से शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कल देर रात की है, जब तीन अज्ञात बदमाश पीछे के रास्ते से सम्मेलाल कश्यप के घर में दाखिल हुए। हमलावर सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां आयुष कश्यप, उसका भाई आशुतोष कश्यप और एक बहन सो रहे थे। आरोपियों ने आयुष कश्यप पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें गोली उसके सीने और कनपटी पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं आशुतोष कश्यप पर भी एक राउंड फायर किया गया, जिससे वह घायल हो गया।
घायल को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के दौरान हमलावरों द्वारा पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है।
मृतक आयुष कश्यप, सम्मेलाल कश्यप का पुत्र था और हाल ही में रेत कारोबार से जुड़ा हुआ था। घटना से पहले वह जांजगीर-चांपा में रेत से जुड़े एक मामले में गया था और देर रात घर लौटा था। सम्मेलाल कश्यप लोहा व्यापारी होने के साथ ही ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं तथा पूर्व में उपसरपंच भी रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं।
परिजनों ने इस वारदात को व्यवसायिक रंजिश का परिणाम बताया है और आरोप लगाया है कि हमलावर हत्या के इरादे से घर में घुसे थे। उल्लेखनीय है कि करहि गांव में पूर्व में भी उपसरपंच की हत्या की घटना हो चुकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच प्रारंभ की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है।
इधर, स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप भी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए रेत के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित