जांजगीर-चांपा , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार और अश्लील हरकतों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला बलौदा थाना क्षेत्र के खिसोरा प्राथमिक शाला से जुड़ा है। आरोपी शिक्षक की पहचान राकेश कुर्रे के रूप में की गई है। परिजनों की शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई।
जांच के दौरान एसडीएम स्तर पर की गई पड़ताल में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बलौदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पीड़िता को आवश्यक कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि दोषी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित