लखीसराय , सितंबर 30 -- जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय के निर्देशानुसार जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर "जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार" कार्यक्रम के अंतर्गत वृहत स्तर पर विशेष स्वास्थ्य जाँच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जाँच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना था।

शिविर के दौरान आमजनों की व्यापक रूप से स्वास्थ्य जाँच की गई। विशेष रूप से उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मधुमेह (ब्लड शुगर), विभिन्न प्रकार के कैंसर के संभावित लक्षणों, एनीमिया (हीमोग्लोबिन), वजन एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जाँच की गई।

जाँच के बाद स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लाभार्थियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान एवं उनके नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह से संबंधित संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श, नियमित दवा सेवन एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच कराने के लिए जागरूक किया गया। इसी प्रकार महिलाओं एवं अन्य पात्र लाभार्थियों में कैंसर की प्रारंभिक स्क्रीनिंग तथा एनीमिया की पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित