कीव , जुलाई 29 -- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने सर्दियों के दस्तक देने से पहले देश के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर रूस के हमलों को रोकने के लिए अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली की तत्काल आपूर्ति की गुहार लगाई है।
श्री ज़ेलेंस्की ने मंगलवार को एक्सियोस के साथ एक साक्षात्कार में बताया कि उन्होंने श्री ट्रम्प के साथ बातचीत के दौरान पैट्रियट मिसाइलों के आपातकालीन आपूर्ति का अनुरोध किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन का मौजूदा भंडार लगभग पूरी तरह से खत्म हो चुका है। अतिरिक्त मिसाइलों के बिना, यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली रूसी ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों के घातक हमलों से देश की रक्षा करने में सक्षम नहीं होगी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि यदि सर्दियों से पहले इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो रूसी हमले बिजली उत्पादन सुविधाओं को पूरी तरह तबाह कर सकते हैं, जिससे लाखों लोगों के घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो जायेगी।
श्री ज़ेलेंस्की ने यह भी कहा कि ईरान में चल रहे युद्ध के कारण अमरीका के पास भी पैट्रियट मिसाइलों के भंडार में भारी कमी आयी है, जिससे अमेरिका के लिए यूक्रेन को अतिरिक्त मिसाइलें प्रदान करना और अधिक कठिन हो गया है।
इस महीने के शुरू में तुर्की में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान, दोनों नेताओं ने अमरीकी भंडार पर निर्भरता कम करने के लिए यूक्रेन को अमरीकी लाइसेंस के तहत पैट्रियट मिसाइलों को बनाने की अनुमति देने पर चर्चा की थी। श्री ज़ेलेंस्की के अनुसार, मंगलवार को हुई बैठक में श्री ट्रम्प उत्पादन लाइसेंस देने की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमत हो गये हैं।
व्हाइट हाउस के अपने दौरे के बाद श्री ज़ेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने इस प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए पैट्रियट प्रणाली का निर्माण करने वाली कंपनियों लॉकहीड मार्टिन और रेथियॉन के अधिकारियों से भी मुलाकात की। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि घरेलू स्तर पर उत्पादन शुरू होने में कम से कम एक वर्ष और बड़े पैमाने पर उत्पादन में पाँच वर्ष का समय लगेगा।
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा, "हमें पैट्रियट मिसाइलों की सख्त जरूरत है।" उन्होंने बताया कि सर्दियों से पहले यूक्रेन को लगभग 300 मिसाइलों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि श्री ट्रम्प ने मदद के रास्ते तलाशने का आश्वासन दिया है, लेकिन साथ ही ईरान संघर्ष के कारण पैट्रियट मिसाइलों की बढ़ती मांग का भी जिक्र किया है।
श्री ज़ेलेंस्की के अनुसार, रूस आमतौर पर हर बड़े हमले में 30 से 40 बैलिस्टिक मिसाइलें दागता है और हर महीने ऐसे तीन से पांच हमले करता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अतिरिक्त पैट्रियट मिसाइलों के बदले अमरीका के साथ अपनी सैन्य तकनीक और विशेषज्ञता साझा करने के लिए तैयार है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी खुलासा किया कि यूक्रेन अमरीकी रक्षा कंपनियों के साथ मिलकर यूक्रेन में बनी बैलिस्टिक मिसाइलों को पैट्रियट प्रणाली जैसी क्षमताओं वाले मिसाइलों में बदलने की योजना पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, "यह अधिक तेज और किफायती होगा।"श्री ज़ेलेंस्की ने माना कि युद्ध के मैदान में स्थिति काफी हद तक गतिरोध वाली बनी हुई है, लेकिन उन्होंने तर्क दिया कि रूसी तेल सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण ढांचों पर लंबी दूरी के ड्रोन व मिसाइल हमलों के जरिए यूक्रेन ने बढ़त हासिल की है। उन्होंने दावा किया कि इन हमलों से रूस में ईंधन की किल्लत हुई है और युद्ध के प्रति जनता का समर्थन कम हुआ है।
श्री ट्रम्प के साथ अपने संबंधों पर श्री ज़ेलेंस्की ने कहा, "हमारे संबंध पहले से कहीं अधिक बेहतर और रचनात्मक हैं। अब यह पहले जितने भावनात्मक नहीं रहे, जो कि एक अच्छी बात है।" उन्होंने बताया कि उन्होंने अमरीकी राष्ट्रपति को नागरिकों के बजाय सैन्य रसद आपूर्ति को निशाना बनाने की यूक्रेन की रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने तर्क दिया कि क्रीमिया में ईंधन आपूर्ति बाधित होने से रूसी सैन्य अभियान कमजोर पड़े हैं।
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा, "वहां मौजूद लोग और रूसी सैनिक डीजल एवं पेट्रोल के बिना नहीं रह सकते। इसलिए निश्चित रूप से, रूस में युद्ध के प्रति जनसमर्थन में गिरावट आई है।"श्री ज़ेलेंस्की ने बताया कि अमरीकी दूत जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ के अगले दो हफ्तों के भीतर कीव का दौरा करने की उम्मीद है। रूस के कई दौरों के बाद यह उनकी पहली यूक्रेन यात्रा होगी। उन्हें उम्मीद है कि इस दौरान शांति वार्ता को पुनर्जीवित करने के प्रस्तावों पर चर्चा होगी और अमरीकी अधिकारियों को यूक्रेन की ज़मीनी स्थिति को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित