मुंबई , अगस्त 7 -- महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के विधायक और दिवंगत पार्टी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को कथित रूप से फरार गैंगस्टर जीशान अख्तर से जान से मारने की धमकी मिली है जिस पर बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
रिपोर्टों के अनुसार, अख्तर ने कथित रूप सोशल मीडिया पर एक वॉइस नोट के जरिए धमकी दी। कथित ऑडियो संदेश में, उसने बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली और ज़ीशान सिद्दीकी को अपनी गतिविधियों में हस्तक्षेप करने के खिलाफ चेतावनी दी। संदेश में विधायक से अपनी सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा गया और यह दावा किया गया कि उनके खिलाफ एक फतवा जारी किया गया है।
अख्तर, बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में मुख्य आरोपियों में से एक है और मुंबई अपराध शाखा और दूसरी जांच एजेंसियां उसकी तलाश में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ज़ीशान सिद्दीकी या उनके परिवार के किसी भी सदस्य ने अब तक कथित धमकी के बारे में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। विधायक अभी भारत से बाहर हैं।
मुंबई अपराध शाखा ने वायरल ऑडियो क्लिप की सच्चाई का पता लगाने और उसके सोर्स का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि ज़ीशान सिद्दीकी के भारत लौटने के बाद उनका बयान दर्ज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित