ज़ीरकपुर , जुलाई 23 -- पंजाब में अवैध शराब की तस्करी पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत आबकारी विभाग ने मोहाली के ज़ीरकपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 140 पेटी अवैध शराब बरामद की है। यह शराब केवल चंडीगढ़ यूटी में बिक्री के लिए अधिकृत थी। कार्रवाई के दौरान हरियाणा के पानीपत निवासी कैंटर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।

यह अभियान उपायुक्त (आबकारी) पटियाला खुशदिल संधू, सहायक आबकारी आयुक्त रोपड़ रेंज अशोक चलोत्रा और आबकारी अधिकारी मोहाली दीवान चंद शर्मा के निर्देशों के तहत चलाया गया। आबकारी निरीक्षक गुरप्रीत सिंह ने पुलिस टीम के साथ चंडीगढ़-ज़ीरकपुर मार्ग पर होटल वेलवेट क्लार्क्स के निकट विशेष नाका लगाया था।

विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद टीम ने संदिग्ध कैंटर को रोककर उसकी जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 140पेटी चंडीगढ़ मारका शराब बरामद हुई।

प्राथमिक जांच में अधिकारियों ने पाया कि शराब की बोतलों पर होलोग्राम मौजूद थे, लेकिन उन पर अंकित टैक्स कोड से छेड़छाड़ की गयी थी, जिससे आपूर्ति शृंखला पूर्ति की निगरानी से बचा जा सके। गिरफ्तार चालक की पहचान अमन पुत्र जहांगीर, निवासी विकास नगर, पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ थाना ज़ीरकपुर में पंजाब आबकारी अधिनियम, 1914 की धारा 61(1)(14) और 78(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आबकारी विभाग और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप चंडीगढ़ में किस स्थान से लोड की गई थी और इसे पंजाब अथवा अन्य राज्यों में किस तस्कर या ठिकाने तक पहुंचाया जाना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित