हरारे , अक्टूबर 13 -- ज़िम्बाब्वे की पूर्व तेज़ गेंदबाज़ और अंपायर साराह डाम्बानेवाना का सोमवार को हरारे में निधन हो गया। वह 36 साल की थीं। ज़िम्बाब्वे क्रिकेट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मार्च में एक मेडिकल प्रक्रिया से गुज़रने के बाद से डाम्बानेवाना अस्पताल में भर्ती थीं और उनका इलाज चल रहा था।

उनके सीनियर अंतरराष्ट्रीय अंपायरिंग करियर की शुरुआत 2 सितंबर 2023 को हुई। इसके बाद उन्होंने यूएई में 2024 महिला टी20 विश्व कप और भारत व श्रीलंका में 2025 महिला वनडे विश्व कप में अंपायरिंग की। 2025 के टूर्नामेंट में वह मैच अधिकारियों के उस ऐतिहासिक पैनल का हिस्सा थीं, जिसमें सभी सदस्य महिलाएं थीं।

इससे पहले, डाम्बानेवाना ने दक्षिण अफ़्रीका में 2023 अंडर-19 महिला टी 20 विश्व कप के फ़ाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए मुक़ाबले में अंपायरिंग की थी। इसके साथ ही वह विश्व कप फ़ाइनल में अंपायरिंग करने वाली ज़िम्बाब्वे की पहली महिला बनी थीं।

कुल मिलाकर, उन्होंने 63 सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैचों में अंपायरिंग की। इनमें 42 महिला टी20, 11 महिला वनडे और 10 पुरुष टी 20 शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने घरेलू क्रिकेट और वैश्विक युवा टूर्नामेंटों में भी अंपायरिंग की।

डाम्बानेवाना ने 2009 से 2014 के बीच खिलाड़ी के तौर पर भी ज़िम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व किया। इसमें 2011 का विश्व कप क्वालिफ़ायर भी शामिल था। 2022 में वह आईसीसी के अंपायर डेवलपमेंट पैनल में शामिल हुई थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित