नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- चालू ग्रीष्म ऋतु की बुवाई ( ज़ायद की फसलों) में धान की रोपाई-बुवाई पिछले साल से कम होने के बावजूद इस ऋतु की विभिन्न फसलों का कुल रकबा ज़ायद 64.10 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
पिछले साल इस समय तक ज़ायद की बुवाई 63.33 लाख हेक्टेयर तक हुई थी। इस तरह इस समय ग्रीष्म ऋतु की बुवाई पिछले साल की तुलना में 0.77 प्रतिशत अधिक है। जायद की बुवाई मार्च से जून तक चलती है।
कृषि मंत्रालय के सोमवार को जारी 10 अप्रैल तक की बुवाई के आंकड़ों के अनुसार ज़ायद के धान का रकबा 30.59 लाख हेक्टेयर है जो पिछले साल की तुलना में 1.72 प्रतिशत काम है।
इसी अवधि में दलहनों की बिजाई का रकबा 11.5 4 लाख हेक्टेयर के साथ पिछले साल की तुलना में 0.83 प्रतिशत अधिक है।
श्रीअन्न की बुवाई का क्षेत्र 13.67 लाख हेक्टेयर के साथ करीब 0.97 प्रतिशत अधिक हो गया है। तिलहनों की बुवाई भी पिछले साल इसी समय की तुलना में 0.69 प्रतिशत बढ़कर 8.31 हेक्टर तक पहुंच गई है।
जायद फसलों की बुवाई सामान्यतः 75.37 लाख हेक्टेयर तक रहती है। पिछले साल इस मौसम में कुल बुवाई 83.92 लाख हेक्टेयर हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित