स्टॉकहोम , अगस्त 05 -- भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान और उद्योगपति नागेंद्र सिद्दौताम के सह स्वामित्व वाली एंकर स्पोर्ट्स एबी कंपनी ने लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) की फ्रैंचाइजी 'जाफना किंग्स' का अधिग्रहण कर लिया है। अब टीम का नया नाम एंकर जाफना किंग्स होगा। एंकर स्पोर्ट्स एबी के अधिग्रहण के साथ जाफना किंग्स एक बार फिर संगठित प्रबंधन के तहत लौट आई है। 23 जुलाई से टीम श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) और एलपीएल के अधिकारधारक इनोवेशन प्रोडक्शन ग्रुप (आईपीजी) के आपातकालीन नियंत्रण में थी, क्योंकि पिछले मालिकों का अनुबंध समाप्त कर दिया गया था। इस अधिग्रहण के साथ जाफना किंग्स अब एंकर स्पोर्ट्स एबी के बढ़ते वैश्विक मल्टी-क्लब स्पोर्ट्स नेटवर्क का भी हिस्सा बन गई है।
आईपीजी की विज्ञप्ति के अनुसार, "इस अधिग्रहण से एंकर स्पोर्ट्स के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को मजबूती मिली है। इसके अंतर्गत पहले से ही बेल्जियम की यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग में एंटवर्प एंकर्स और कनाडा की सुपर60 लीग में वैनकूवर एंकर्स की पुरुष और महिला टीमें शामिल हैं।"यह बदलाव जाफना किंग्स के पिछले मालिक स्पोर्ट्स कम्यून का अनुबंध समाप्त होने के दो सप्ताह से भी कम समय बाद हुआ है। स्पोर्ट्स कम्यून के सह-मालिक, भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर मंजोत कालरा और उद्यमी मयंक गोयल थे। कालरा को 16 जुलाई को मैच फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि गोयल का कोई पता नहीं है। स्पोर्ट्स कम्यून ने मई में जाफ़ना किंग्स का स्वामित्व संभाला था। इससे पहले 2021 से 2025 तक फ्रैचाइजी लाइका ग्रुप के पास थी। वहीं, उद्घाटन एलपीएल सीजन में टीम का स्वामित्व अर्नोल्ड आनंदन और राहुल सूद के नेतृत्व वाले समूह के पास था। इन सभी मालिकाना अवधियों का अंत वित्तीय दायित्वों को पूरा न कर पाने के कारण हुआ। कालरा की गिरफ़्तारी के बाद एसएलसी और आईपीजी को हस्तक्षेप करना पड़ा, आपातकालीन फ़ंड जारी करना पड़ा और मौजूदा सीज़न में टीम का संचालन अपने हाथ में लेना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित