जहानाबाद , मई 10 -- बिहार के जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान वैना गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में की गई है।सूरज के चाचा का कुछ दिन पूर्व निधन हो गया था और रविवार को उनके दशकर्म का कार्यक्रम घर में चल रहा था। इस दौरान सूरज अपने पिता को मोटरसाइकिल से पास के दुकान तक छोड़ने गया था। पिता को छोड़ने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान धामापुर मोड़ के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही घोसी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है । पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित