जहानाबाद , मई 26 -- बिहार में जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतका रूपा कुमारी का मायका काको थाना क्षेत्र के छोटकी काको गांव में है। रूपा ने इसी वर्ष होली के दौरान बाजितपुर निवासी सरवन कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर रूपा को प्रताड़ित किया जाने लगा। मायके वालों ने आरोप लगाया कि तीन कट्ठा जमीन बेचकर दहेज की रकम देने के बावजूद मांग बढ़ती गई। मांग पूरी नहीं होने पर रूपा की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रथम दृष्टया गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित