जहानाबाद , अप्रैल 22 -- बिहार में जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को ऑटो रिक्शा और कार के बीच हुयी टक्कर में दो युवकों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हुलासगंज बाजार स्थित चुहड़मल चौक के समीप ऑटो रिक्शा और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में ऑटो रिक्शा पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विष्णुगंज थाना क्षेत्र के धराउत गांव निवासी नीरू कुमार (18) और अमरनाथ कुमार (17) के रूप में की गई है। नीरू कुमार के घर में शादी थी। इसी सिलसिले में वह हुलासगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव अपनी बहन को लाने के लिये अपने दोस्त अमरनाथ कुमार के साथ ऑटो रिक्शा से जा रहा था।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेते हुए वाहन को जब्त कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित