जहानाबाद , अप्रैल 24 -- बिहार में जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को तीन दिनों से लापता एक युवक का शव बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर बदलू बीघा गांव के बधार से एक युवक का शव बरामद किया गया है।मृतक की पहचान अरुण कुमार (30) के रूप में की गयी है।वह पिछले तीन दिनों से लापता था।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का संदेह जताया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई जख्म के निशान नहीं है। कैसे मौत हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित