जहानाबाद , सितंबर 24 -- बिहार के ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को कहा कि जहां-जहां साप्ताहिक बाजार लगाए जाते हैं, वहां हाट बनाए जाएंगे, जिससे ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समुचित बाजार मुहैया हो सके और ग्रामीण अंचलों में लगने वाले हाटों को सभी सुविधा युक्त उचित माहौल मिल सके। मंत्री ने जहानाबाद जिले के हुलासगंज, मुरगांव और भगवानपुर में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हुई कई विकासात्मक योजनाओं का शुभारंभ किया। इसके अंतर्गत हुलासगंज बाजार में सामुदायिक शौचालय, मुरगांव में सामुदायिक भवन और भगवानपुर गांव में स्थित मंदिर तक मुख्य सड़क से पक्की सड़क के अलावा गांव में नवनिर्मित नाला का उद्घाटन शामिल है।
मंत्री श्री कुमार ने हुलासगंज बाजार में सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन करते हुए कहा कि यहां एक हाट का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य को शीघ्र कराने को लेकर उन्होंने डीआरडीओ के निदेशक को खासतौर से निर्देश दिया। उन्होंने मुरगांव में जीविका दीदियों के लिए एक विशेष हाट बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने इसके लिए वीबी जी रामजी के निदेशक को आदेश देते हुआ कहा कि यहां सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त हाट बाजार का निर्माण कराया जाए, ताकि जीविका दीदियां अपने उत्पादों को सीधे बाजार तक पहुंचा सके।
मंत्री ने कहा कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण बाजारों में बेहद जरूरी है। जीवन में स्वच्छता को अपनाना बेहद आवश्यक है। बड़ी बीमारियों को भगाना है, तो स्वच्छता से नाता जोड़ना होगा। उन्होंने आम जन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने घरों में बने शौचालय का ही उपयोग करें। कभी खुले में शौच नहीं जाएं, इससे कई तरह की बीमारियां उत्पन्न होती हैं। इन कार्यक्रमों में उनके साथ हुलासगंज जिला परिषद सदस्य श्रीमती कमला कुमारी समेत अन्य मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित