सागर , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के बंडा ब्लॉक में कथित जहरीली और अवैध शराब के सेवन के बाद अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोग उपचाररत बताए गए हैं। इनमें बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा बुंदेलखंड शासकीय मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय सागर में भर्ती मरीज शामिल हैं। मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह पांच लोगों की मौत की सूचना के बाद प्रशासन ने संबंधित शराब दुकानों को सील करने की कार्रवाई शुरू की। प्रभावित लोगों में शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने और शरीर नीला पड़ने की शिकायत सामने आने की जानकारी है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक मौतों का कारण जहरीली शराब का सेवन होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अवैध शराब का कारोबार प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा है और इसमें लापरवाही बरती गई। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से तत्काल उच्चस्तरीय जांच टीम गठित कर सागर भेजने, प्रभावित लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने तथा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इससे पहले उज्जैन में सामने आए कथित नकली शराब के मामले का उल्लेख करते हुए अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच और उपचार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। शराब के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित